अवधी खबर संवाददाता
टांडा, अंबेडकरनगर।
महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा व जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत अलीगंज पुलिस द्वारा बुधवार को अनव ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, टांडा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बच्चों को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 (स्वास्थ्य सेवा) और 101 (फायर ब्रिगेड) की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर तुरंत संपर्क करके मदद ली जा सकती है।
पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और किसी भी गलत घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रबंधक रजनीश मिश्रा, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।



