रबीद्र कुमार सिंह
अम्बेडकरनगर (अवधी खबर)।जिले के महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलावट गांव में मंगलवार की रात्रि को भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्राम प्रधान पारसनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित भव्य रामलीला कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी बेहतरीन कलाकारी से ऐसा समां बांधा कि दर्शक पूरी रात मंत्रमुग्ध होकर डटे रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री राम और सुग्रीव की अटूट मित्रता के प्रसंग से हुई, जिसने दर्शकों को धर्म, कर्तव्य और सच्ची दोस्ती का संदेश दिया। इसके पश्चात मंच पर बाली वध, माता सीता की खोज और हनुमान जी द्वारा लंका दहन के रोमांचक दृश्यों का मंचन किया गया। जैसे ही कलाकारों ने लंका दहन का सजीव और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया, पूरा पंडाल जय श्री राम के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस सफल और भव्य आयोजन को संपन्न कराने में क्षेत्र के गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन और देखरेख रामगोपाल मौर्य, बिपिन सिंह, अमित सिंह, राम अवतार विश्वकर्मा, संतोष सिंह, जगदीश मौर्य, गोकुल विश्वकर्मा, पवन पांडे, विजय कुमार पांडे और सीताराम सिंह की सक्रिय देखरेख में पूरी अनुशासनबद्धता के साथ संपन्न हुई।
ग्रामीणों ने इस सांस्कृतिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति व आदर्शों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।




