पैदल गश्त कर लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा, भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र में रमजान के आखिरी जुम्मे की अलविदा नमाज प्रशासन की मौजूदगी में पूरी तरह शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुई। सभी मस्जिदों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे नमाज अदा करने पहुंचे लोगों में भरोसा और सुकून का माहौल बना रहा।थाना अध्यक्ष महेंद्र सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम पहले से ही सक्रिय रही।
मथानी जामा मस्जिद, सेमरी जामा मस्जिद, महरुआ मस्जिद, रामनगर, कर्री, बरामदपुर, जरियारी व कादरी जामा मस्जिद सहित क्षेत्र की सभी प्रमुख मस्जिदों पर उपनिरीक्षक अमित सिंह, हेड कांस्टेबल नितिन सिंह, धीरज दीवान समेत पुलिस बल तैनात रहा।अलविदा नमाज के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों में पहुंचे और अमन-चैन की दुआ मांगी।
इस दौरान थाना अध्यक्ष महेंद्र सरोज ने पुलिस फोर्स के साथ विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ ईद मनाने की अपील की।ईद के मद्देनजर महरुआ पुलिस ने बाजारों और ग्रामीण इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।महरुआ पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें और ईद का त्योहार खुशी, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं।




