डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज सेमरी में एंटी रोमियो टीम ने चलाया जागरूकता अभियान, कहा-छेड़खानी या उत्पीड़न होने पर चुप न रहें, तत्काल पुलिस को दें सूचना
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से महरुआ पुलिस ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज, सेमरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत के निर्देश पर पहुंची एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पेन भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय उपलब्ध सहायता सेवाओं का इस्तेमाल करें। महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा एंबुलेंस सेवाओं के लिए 102 और 108 नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने हेल्पलाइन नंबरों के सही उपयोग और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के महत्व को भी समझाया।
एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं से कहा कि वे बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई जारी रखें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। यदि रास्ते में आते-जाते समय कोई छेड़खानी करे, परेशान करे या किसी तरह की अवांछित गतिविधि सामने आए तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी समस्याओं की शिकायत करने में संकोच न करने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अभियान में उपनिरीक्षक विजय कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धीरज कुमार, महिला हेड कांस्टेबल संगीता जायसवाल और महिला कांस्टेबल रुचि सिंह राजपूत शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
महरुआ पुलिस की इस पहल को छात्राओं की सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा गया। विद्यालय परिवार ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।




