अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर। खजुरी बाजार में स्थित देशी व अंग्रेजी शराब के ठेके को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम इटवा, पोस्ट मदार भारी निवासी किरन वर्मा ने अब इस मामले में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि शराब का ठेका उनके घर व खेत के समीप स्थित है, जिससे उन्हें और अन्य ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि शराब पीने आने वाले लोग नशे में खेतों में गंदगी फैलाते हैं, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। साथ ही आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
पीड़िता का कहना है कि इस वातावरण का बच्चों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह ठेका मूल रूप से खजुरी ग्राम सभा के लिए स्वीकृत था, लेकिन इसे इटवा ग्राम सभा क्षेत्र में स्थापित कर दिया गया है।
किरन वर्मा ने मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए शराब की दुकान को तत्काल हटवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।




