अवधी ख़बर संवाददाता
अयोध्या। जनपद अयोध्या के थाना रौनाही पुलिस को चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रौनाही पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 27 मोबाइल फोन बरामद करते हुए दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लाल चन्द्र सरोज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि वे बाजारों, वाहनों तथा घरों से मौका पाकर मोबाइल फोन चोरी करती थीं।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान चन्दा सबर (50 वर्ष) पत्नी दीपक सबर तथा पुरिला (25 वर्ष) पत्नी राहुल निवासी इंचड़ा थाना जादूगोड़ा, जनपद पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 27 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें 6 आईफोन तथा 21 एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर थाना रौनाही में पंजीकृत मुकदमा संख्या 216/2026, धारा 317(2)/317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ताओं को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक लाल चन्द्र सरोज, उपनिरीक्षक आकाश शुक्ला, उपनिरीक्षक बालेन्द्र प्रताप सिंह, महिला उपनिरीक्षक सुरभि लता तथा महिला कांस्टेबल धीरज यादव शामिल रहे। इस सफलता को लेकर पुलिस विभाग ने इसे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।





