अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
कोतवाली टांडा क्षेत्र के ग्राम पकड़ी भोजपुर स्थित हुल्लड़ का पुरवा में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह की है। खेत की मेड़ काटने को लेकर जितेंद्र यादव और घनश्याम यादव के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर घनश्याम यादव ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से जितेंद्र यादव पर हमला कर दिया। हमले में जितेंद्र के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टांडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पकड़ी भोजपुर गांव में पहले भी जमीन और आपसी विवादों को लेकर कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




