प्रमोद कुमार वर्मा
अम्बेडकरनगर (अवधी खबर) जिले के महरुआ थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की लचर कार्यशैली के कारण आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्र में एक के बाद एक चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें से एक मामले में मंदिर का दानपात्र काटकर नकदी उड़ाई गई तो वहीं दूसरी घटना में चोरों ने शराब की दुकान को निशाना बनाते हुए सोलर पैनल और कैमरे चुरा लिए। हैरानी की बात यह है कि दोनों मामलों में लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है।
पहली घटना महरुआ थाना क्षेत्र के सुखईपुर स्थित मंदिर परिसर की है। शिव काली जागरण समिति द्वारा स्थापित इस मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यों के लिए एक लोहे का दानपात्र रखा गया था। 09 अगस्त 2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से मंदिर परिसर में रखे लोहे के दानपात्र को काटकर उसमें रखी पूरी दानराशि चोरी कर ली।
घटना की जानकारी 10 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 7 बजे ग्रामीणों को हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस सहायता नंबर 112 पर सूचना दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर जांच का आश्वासन दिया। समिति के राजीव शुक्ला द्वारा थाने में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल चोरी की सामान्य घटना नहीं है, बल्कि गांव की धार्मिक आस्था और मंदिर परिसर से जुड़ा एक गंभीर मामला है।
दूसरी घटना महरुआ थाना क्षेत्र के ही रामनगरकर्री स्थित देशी शराब की दुकान की है। प्रार्थीनी अधावती देवी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 की रात लगभग 1 बजे अज्ञात व्यक्तियों ने दुकान पर लगे दो सोलर पैनल चुरा लिए और सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया दरवाजा बाहर से लॉक कर दिया।
सुबह जब सेल्समैन सोकर उठा तो उसने पाया कि दरवाजा बाहर से बंद था। किसी तरह एक अन्य व्यक्ति को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया गया, तब बाहर निकलकर देखने पर चोरी की इस वारदात का पता चला। इस मामले में भी महरुआ थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं और पुलिस द्वारा अब तक कोई भी मुकदमा न दर्ज किए जाने से जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि दोनों मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की जल्द से जल्द शिनाख्त की जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो, ताकि क्षेत्र में पुन: ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



