शटडाउन लेने के दावे पर उठे सवाल, परिजनों ने ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप
प्रमोद कुमार वर्मा
अम्बेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर ग्राम सभा में सूखा आम का पेड़ काटने के दौरान करंट की चपेट में आने से पूर्व लाइनमैन विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने ठेकेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि दिलावलपुर निवासी लकड़ी ठेकेदार राजेश दुबे और दीपक उर्फ कुट्टी द्वारा बिरसिंहपुर गांव में खड़े सूखे आम के पेड़ की कटाई कराई जा रही थी। पेड़ के पास से 440 वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही थी। आरोप है कि ठेकेदार पूर्व में गांव के विद्युतीकरण कार्य में लाइनमैन के रूप में काम कर चुके विनोद कुमार को उसके घर से बुलाकर मौके पर ले गए।
परिजनों के मुताबिक ठेकेदारों ने विनोद कुमार को बताया कि विद्युत लाइन का शटडाउन लिया जा चुका है। योजना के अनुसार तीनों तार उतारने के बाद पेड़ काटा जाना था और फिर दोबारा शटडाउन लेकर तारों को जोड़ना था। इसी दौरान विनोद कुमार खंभे पर चढ़े, तभी वह अचानक बिजली की चपेट में आ गए। विद्युत के झटके से खंभे से नीचे जमीन पर गिर पड़ा जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर शटडाउन लिए बिना ही विनोद कुमार को विद्युत पोल पर चढ़ा दिया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी है और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार घटना के बाद भीटी पुलिस द्वारा अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। मामले में भीटी थानाध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पुलिस का आधिकारिक पक्ष मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।



