बिना हेलमेट और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के काटे चालान
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की श्रावण क्षेत्र चौकी पुलिस ने चौकी प्रभारी ब्रह्म प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में रिडिचीनगर चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोपहिया एवं अन्य वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का पालन करने के लिए वाहन चालकों को जागरूक किया गया।
चेकिंग के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कई वाहनों की जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ऑनलाइन चालान भी किए। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, आवश्यक कागजात साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
चौकी प्रभारी ब्रह्म प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का पालन करना वाहन चालकों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
अभियान में हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार यादव, कांस्टेबल बृजेश यादव, संदीप यादव, उत्कर्ष सिंह एवं जयप्रकाश मौजूद रहे।

