मोटर चोरी का खुलासा कर पुलिस भले थपथपा रही पीठ, लगातार चोरियां खोल रही सुरक्षा व्यवस्था की पोल
अढ़पुर में 24 सितंबर को दी तहरीर, तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं; उमरावा में दो घरों की बड़ी चोरी का भी खुलासा बाकी
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। भीटी कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सार्वजनिक स्थलों पर लगे हैंडपंप भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। अढ़पुर गांव में काली माता के स्थान पर लगा हैंडपंप अज्ञात चोर खोलकर उठा ले गए। घटना के बाद पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गांव निवासी चंद्रभान तिवारी के मुताबिक काली माता के स्थान पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए हैंडपंप लगवाया गया था। सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो हैंडपंप गायब मिला। पीड़ित ने 24 सितंबर को भीटी कोतवाली प्रभारी को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप है।
एक खुलासा, कई वारदातें अनसुलझी
भले ही पुलिस मोटर चोरी का खुलासा कर अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन क्षेत्र में एक के बाद एक सामने आ रही चोरी की घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। बीते दिनों उमरावा गांव में दो घरों में हुई बड़ी चोरी का भी पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।
ऐसे में सवाल उठता है कि यदि पुलिस चोरियों के खिलाफ अभियान चला रही है तो लगातार हो रही वारदातों पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है? सार्वजनिक स्थल से हैंडपंप तक खोलकर उठा ले जाने की घटना ने पुलिस की गश्त और अपराधियों में कानून के भय को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह है कि पुलिस अढ़पुर से चोरी हुए हैंडपंप के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करती है या यह वारदात भी लंबित शिकायतों की सूची में शामिल होकर रह जाती है।
वही जब इस संबंध में भीटी कोतवाली प्रभारी कृष्णबली सिंह से वार्ता करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं रिसीव हो सका।




