एमबीबीएस में गोल्ड मेडलिस्ट रहीं श्रिया की शानदार सफलता पर परिजनों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर
सबीह अब्बास सीबू
अम्बेडकरनगर (अवधी खबर)। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर के मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश राना की सगी भतीजी श्रिया कुमार ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा INI-CET (इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट) में आठवीं रैंक हासिल कर जिले और परिवार का गौरव बढ़ाया है।
उनकी इस शानदार उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। श्रिया कुमार, विनोद कुमार की पुत्री हैं और मजगवां यरकी की निवासी हैं। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया था। अब INI-CET जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में आठवीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन का परिचय दिया है।
श्रिया की इस उपलब्धि को उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और चिकित्सा शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी हर्ष और उत्साह का माहौल है।
परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने श्रिया कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। श्रिया की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।




