अवधी खबर संवाददाता
सुल्तानपुर। अनुराग बालिका इंटर कॉलेज, नारायनपुर नागनाथपुर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी विविध प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत, नृत्य एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रशांत यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रत्येक बच्चे के अंदर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, निखारने और सही दिशा देने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों के अंदर संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।
विद्यालय की प्रबंधक रागिनी मिश्रा ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान और उनकी प्रतिभा ही विद्यालय की असली पहचान है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक अमर बहादुर सिंह, अनिल सिंह, प्रतिभा सिंह, रुचि उपाध्याय एवं सावित्री सहित समस्त विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने बाल दिवस समारोह को यादगार बना दिया। अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




