अवधी खबर संवाददाता
बसखारी, अम्बेडकरनगर।बसखारी विकास नगर कॉलोनी के समीप स्थित मैदान में आयोजित “स्वर्गीय संजय वर्मा स्मारक ग्राम सभा क्रिकेट टूर्नामेंट” का 13वें दिन उत्साह और जोश के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में फैजाबाद-अम्बेडकरनगर के पूर्व एमएलसी अजय कुमार ‘विशाल’ वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अकबरपुर और रुकचनपुर की टीमों के बीच खेला गया। अकबरपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 101 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुकचनपुर की टीम अकबरपुर की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 7 ओवर में 32 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह अकबरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।फाइनल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अकबरपुर के विवेक विश्वकर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल के लिए रुकचनपुर के यशवंत यादव को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा ने विजेता टीम को ₹25,000 और उपविजेता टीम को ₹15,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिलता है, तो जिले में एक विशाल स्टेडियम के निर्माण के लिए वे पूरी ताकत से प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अमन सिंह, संजय वर्मा, संतोष यादव, मोनू वर्मा, नीरज सिंह, शिवम वर्मा, कामरान, विनीत वर्मा, सैफ, अंकुर वर्मा, दीपक यादव, सुफियान, मानक वर्मा, यशवर्धन, मंगेश यादव, दीपक उपाध्याय, जमशेद, विजय सोनकर, प्रीत यादव और अरुण सोनी सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों की अहम भूमिका रही। मुख्य अतिथि ने सभी आयोजकों को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।टूर्नामेंट के समापन पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला तथा पूरे क्षेत्र में खेल भावना का सकारात्मक संदेश गया।




