धार्मिक आयोजन जबरन बंद कराने का आरोप, आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।महरुआ थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में रामलीला मंचन के दौरान हंगामे और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि भगवान श्रीराम की लीला का मंचन चल रहा था, तभी पहुंचे कुछ लोगों ने दबंगई दिखाते हुए कार्यक्रम बंद करा दिया। विरोध करने पर रामलीला समिति के सदस्यों और कलाकारों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना से ग्रामीणों और रामलीला समिति के लोगों में नाराजगी है।
रामलीला समिति की ओर से महरुआ पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 की रात करीब साढ़े दस बजे गांव में रामलीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मंचन बंद कराने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपितों ने समिति के सदस्यों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। हंगामे के चलते रामलीला का मंचन बाधित हो गया।
घटना के बाद समिति के पदाधिकारियों ने महरुआ थाने पहुंचकर आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ तहरीर दी और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की। समिति के सदस्यों का कहना है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में इस तरह बाधा डालना और कलाकारों के साथ मारपीट करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में महरुआ थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। रामलीला के दौरान उपद्रव करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




