आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक की दावेदारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं, पार्टी के आधिकारिक ऐलान का इंतजार
अवधी ख़बर संवाददाता प्रियंका वर्मा
अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में आगामी चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ का नाम एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के हवाले से उनके आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में उतरने की संभावनाओं को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने अक्टूबर में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा सार्वजनिक की थी। वहीं, मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा से निर्वाचित मौजूदा विधायक चंद्रभानु पासवान भी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं।
हालांकि, भाजपा की ओर से अभी तक मिल्कीपुर सीट के लिए किसी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए टिकट पक्का होने की खबर को फिलहाल राजनीतिक अटकलों के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
आगामी चुनाव को लेकर अब क्षेत्र में यह चर्चा है कि भाजपा नेतृत्व किसे प्रत्याशी बनाता है। पार्टी के आधिकारिक फैसले के बाद ही तस्वीर साफ होगी।




