टांडा विकासखंड की रसूलपुर मुबारकपुर ग्राम सभा में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकर नगर।
विकासखंड टांडा अंतर्गत ग्राम सभा रसूलपुर मुबारकपुर में ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किए गए बिल-वाउचरों को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि अप्रैल 2025 से अब तक पोर्टल पर अपलोड किए गए किसी भी बिल-वाउचर पर न तो ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर हैं और न ही ग्राम पंचायत सचिव के, जबकि शासन द्वारा निर्धारित नियमों में इसे अनिवार्य किया गया है।

जानकारी के अनुसार ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर किसी भी भुगतान से पूर्व बिल-वाउचर पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव तथा संबंधित दुकान या फर्म के हस्ताक्षर होना आवश्यक है। इसके साथ ही बिल पास करते समय “पेड एंड कैंसिलेशन” की प्रक्रिया अपनाना भी जरूरी है, जिससे फर्जी भुगतान की संभावना समाप्त हो सके। इसके बावजूद रसूलपुर मुबारकपुर ग्राम सभा में अधिकांश बिल-वाउचर बिना हस्ताक्षर और बिना दिनांक के पाए गए हैं।
सबसे अधिक गड़बड़ी “राजा टेंडर्स” नामक फर्म से जुड़े बिलों में सामने आई है, जिन पर न तो ग्राम सभा का नाम अंकित है और न ही किसी प्रकार का सत्यापन दर्ज है, फिर भी इन बिलों को पोर्टल पर अपलोड कर भुगतान की प्रक्रिया में शामिल किया गया।
ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि बिना हस्ताक्षर, बिना दिनांक और नियमों की अनदेखी कर पास किए गए बिल सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर संकेत करते हैं। मामले को लेकर जिलाधिकारी अंबेडकर नगर से मांग की गई है कि संबंधित फर्म, ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान के विरुद्ध नियमों के तहत जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि ई-गवर्नेंस व्यवस्था की विश्वसनीयता बनी रहे।



