अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
महरुआ थाना क्षेत्र में नवागत थाना अध्यक्ष महेंद्र सरोज ने क्षेत्र में सौहार्द और शांति व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में पहल करते हुए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष महेंद्र सरोज, उपनिरीक्षक सूर्यमणि शुक्ला एवं उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार गंगवार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, समाजसेवियों व अन्य सम्मानित व्यक्तियों से परिचय प्राप्त करते हुए आपसी सहयोग की अपील की गई। थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रह सकती है।
होली पर्व को देखते हुए विशेष चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष महेंद्र सरोज ने सभी ग्राम प्रधानों से अपील की कि यदि किसी गांव में होलिका दहन स्थल को लेकर विवाद या किसी प्रकार की आशंका हो तो पूर्व सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक व्यवस्था की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार को हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए, लेकिन किसी भी प्रकार की हरकतबाजी, हुड़दंग या बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया।



