अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश शासन ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह को अम्बेडकरनगर का नया जिला विद्यालय निरीक्षक नियुक्त किया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार उनकी तैनाती मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), अयोध्या के पद से स्थानांतरित कर अम्बेडकरनगर में की गई है।
शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। साथ ही निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित अधिकारियों को बिना विलंब कार्यमुक्त किया जाए तथा आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
कौस्तुभ कुमार सिंह के जिला विद्यालय निरीक्षक बनाए जाने से जनपद के माध्यमिक शिक्षा विभाग को नया नेतृत्व मिला है। माना जा रहा है कि उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ जिले के विद्यालयों, शिक्षकों तथा शैक्षिक व्यवस्थाओं को मिलेगा।
शासन ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण आदेश का अनुपालन निर्धारित समयावधि में किया जाए तथा कार्यभार ग्रहण करने में अनावश्यक विलंब न हो। यह नियुक्ति प्रदेश की वार्षिक तबादला नीति के तहत की गई है।




