मारपीट के दौरान सिर फटा, गला दबाने का भी प्रयास
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। जनपद के भीटी थाना क्षेत्र के ग्राम तकिया कानूनगो पठखौली निवासी जितेन्द्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर डायल 112 पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने न केवल उसके साथ मारपीट की बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और रिश्वत की मांग भी की।
शिकायत के अनुसार 3 जून की रात करीब नौ बजे उसके भाई और भाभी के बीच घरेलू विवाद हो रहा था। बीच-बचाव के दौरान स्थिति बिगड़ने पर उसने डायल 112 पर सूचना देने का प्रयास किया। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिसकर्मी उसे ही सरकारी वाहन में बैठाकर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित एक सरकारी ट्यूबवेल के पास ले गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि वहां गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उससे रिश्वत की मांग की। पैसे न होने पर कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दी गईं और बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान उसका सिर फट गया तथा गला दबाने का भी प्रयास किया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित पुलिसकर्मी वहां से चले गए। ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों ने पुनः डायल 112 को सूचना दी। दूसरी पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल युवक को पहले सीएचसी भीटी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में मेडिकल परीक्षण कराए जाने, मुकदमा दर्ज करने तथा आरोपित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




