करीब डेढ़ माह पूर्व घर में सेध लगाकर लाखों रुपए कीमती जेवरात अज्ञात चोरों ने किया था पार
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। करीब डेढ़ माह पूर्व घर में सेध लगाकर लाखों रुपए कीमती जेवरात चोरी के मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ ही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तो शुरू की थी लेकिन अब मामला धीरे धीरे ठंडे बस्ते की तरफ जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया था।
पूरा मामला महरूआ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरीनाथपुर लोढवा गांव का है। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी मनोज कुमार सिंह पुत्र राधेश्याम सिंह के घर में चोरों ने सेंध लगाई। घटना बीते माह 23 अप्रैल की रात का है। सुबह करीब 3 बजे जब लघु शंका के लिए मनोज कुमार सिंह जागे उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया, बाहर से उनके कमरे का दरवाजा बंद कर दिया गया था उन्होंने तेज आवाज में अपनी माता को जो आंगन मे लेटी हुई थी उनको बुलाया तब उन्होंने दरवाजा खोला, जिससे उन्हें चोरी का पता चला।
मनोज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरों ने घर से सोने के आभूषणों में कान का झुमका, कान की बाली, नाक का टॉप्स, कमर की करधन, हाथ पलानी, चाबी का छल्ला, चांदी की तस्तरी, गिलास, कटोरी, चम्मच, सुपारी पांच, पान पांच, सिक्का गणेश लक्ष्मी के चांदी के पांच सिक्के कपड़े और पीतल का एक गगरा शामिल हैं।
गांव में हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। छत के ऊपर बने सीढ़ी कमरा मे सीमेंट की लगी जाली को तोड़ कर पीछे से लगे दरवाजे में ताले को कटर जैसी चीज से काट कर अंदर जाकर अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिए जबकि घर के अंदर सभी सदस्य सो रहे थे।
वही जब इस संबंध में महरुआ थानाध्यक्ष महेंद्र सरोज से टेलिफोनिक वार्ता करने का प्रयास किया गया तो वार्ता नहीं हो पाई।




