अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। टांडा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मईपुर में गैस सिलेंडर से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से पांच परिवारों के घर जल गए, जिनमें दो मकान पूरी तरह राख हो गए, जबकि अन्य तीन मकानों को ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बचाया जा सका। हालांकि तब तक लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति, पशुधन, अनाज और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत एक गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट से हुई। तेज धमाके के साथ उठी आग ने आसपास के छप्परनुमा मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। गर्मी और तेज लपटों के कारण कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया, जिससे और बड़े नुकसान को टाला जा सका।
हादसे में गंगा राम पुत्र हरीराम का सबसे अधिक नुकसान हुआ। उनकी लगभग एक वर्ष की पड़िया आग में बुरी तरह झुलस गई और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरी पड़िया गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गई। उनका छप्परनुमा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घर में रखा चार चारपाई, दो तख्त, राशन, लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात, दो हजार रुपये नकद, एक ठेला, फटा हुआ गैस सिलेंडर, एक साइकिल, सिलाई मशीन सहित अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गए।
राजाराम पुत्र हरीराम का छप्पर, मोटरसाइकिल, ठेला और दो साइकिलें जल गईं। उनके घर में रखा करीब आठ से दस कुंतल गेहूं भी राख हो गया। वहीं भैंस का लगभग दो वर्ष का पाड़वा भी आग में झुलस गया।
अच्छे लाल पुत्र रामदुलार की दो गर्भवती भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं। उनका छप्पर, भूसा, राशन, लगभग दस कुंतल गेहूं, साइकिल, चारा मशीन, चार चारपाइयां तथा करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गए।
प्रकाश पुत्र हुबलाल का पूरा छप्परनुमा मकान आग की चपेट में आ गया। घर में रखा सात से आठ कुंतल भूसा तथा खाने के लिए रखा अनाज भी जलकर नष्ट हो गया।
इसके अलावा बलराम पुत्र हुबलाल का घर भी आग से नहीं बच सका। उनके घर में रखा भूसा, राशन और तख्त समेत अन्य आवश्यक सामान जलकर खाक हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लोगों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास नहीं किया होता तो आग पूरे गांव में फैल सकती थी। छप्परनुमा मकानों के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई थी।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं टांडा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कपिल देव वर्मा सुबह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया तथा संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान उनके साथ पूर्व मंडल अध्यक्ष रामधनी वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष रामजनम वर्मा, भाजपा नेत्री ज्योति सिंह, सर्वेश गुप्ता, दिवाकर पटेल, ग्राम प्रधान सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
हादसे के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, पशुधन क्षति का मुआवजा तथा आवासीय सहायता प्रदान करने की मांग की है। आग ने कुछ ही मिनटों में वर्षों की मेहनत और परिवारों की जमा-पूंजी को राख में बदल दिया, जिससे पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है।



