अवधी खबर संवाददाता
कटेहरी/अम्बेडकरनगर। राजधानी लखनऊ में शनिवार को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने ₹1 लाख के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। वह लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा था। एसटीएफ के अनुसार इंदिरा कैनाल रोड पर घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बाद में मृत घोषित कर दिया गया।पुलिस के अनुसार संजय उर्फ संजीव ने 27 मई को दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या की थी। उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था। सूत्रों द्वारा बताया जा रहा है कि उसके संबंध पूर्वांचल के एक चर्चित माफिया गैंग से ताल्लुक थे और वह गैंग के लिए रंगदारी वसूली सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता था।
सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ में मारा गया संजय उर्फ संजीव अम्बेडकरनगर जनपद के अहिरौली थाना क्षेत्र के चककोडार गांव का निवासी था। उसके मारे जाने की सूचना मिलते ही परिजन लखनऊ के लिए रवाना हो गए। शव की पहचान और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
परिजनों के मुताबिक संजीव चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में तीन बेटे—बंटी (22), राज (20) और शिवा (16) तथा दो बेटियां ब्यूटी और सृष्टि हैं। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पिता बीमार बताए जा रहे हैं।एसटीएफ और अन्य पुलिस एजेंसियों ने संजीव के आपराधिक नेटवर्क तथा उससे जुड़े लोगों की गतिविधियों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।




