अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर(प्रमोद वर्मा)। भीटी थाना क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर कार्यरत मुंशी लालमनी वर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नया मोड़ सामने आया है। रिपोर्ट में मौत का कारण ऊंचाई से गिरने के कारण आई गंभीर चोटों को बताया गया है। इसके बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका से इनकार करते हुए कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी अन्य कारण का उल्लेख नहीं है।
विशुनपुर-अहिरौली थाना क्षेत्र निवासी लालमनी वर्मा पिछले करीब 20 वर्षों से जुंआ ग्राम सभा स्थित धर्मराज वर्मा के ईंट-भट्ठे पर मुंशी के रूप में कार्यरत थे। 26 जून की देर रात भट्ठा मालिक द्वारा निजी एंबुलेंस से उनका शव घर पहुंचाए जाने के बाद परिजनों ने घटना पर सवाल उठाए थे।
मृतक के भाई श्रीराम वर्मा ने आरोप लगाया था कि लालमनी की हत्या कर शव घर भेजा गया है। उन्होंने शव पर सिर, गर्दन, पीठ, हाथ, पैर, कान और आंख के पास चोटों के निशान होने तथा सिर में टांके लगे होने का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई थी। साथ ही भट्ठा मालिक एवं अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मामले में थाना प्रभारी भीटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत गिरने से लगी चोटों के कारण होना पाया गया है। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।



