घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप; निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसके साथ हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में स्थानीय पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उसे गुमराह कर समझौता करा दिया। पीड़िता ने पूरे मामले की दोबारा जांच कर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पीड़िता गुड़िया वर्मा, पत्नी विक्रमजीत वर्मा, निवासी ग्राम बरधा भीउरा, थाना अकबरपुर ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 12 जुलाई की रात उसके पति घर के बाहर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने घर में घुसकर मारपीट की, महिला के साथ अभद्रता की तथा घर में तोड़फोड़ की।
शिकायत के अनुसार आरोपितों ने घर के बाहर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया, पौधे उखाड़ दिए और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि घटना में उसे चोटें आईं, जिसके बाद उसने डायल-112 और पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद थाने में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उसे गुमराह कर समझौता करा दिया गया। उसका कहना है कि इससे आरोपितों के हौसले बढ़ गए हैं और परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।





