डॉक्टर्स इलेवन ने जय हीरो एजेंसी को 118 रन से हराया, हेमंत सिंह की विस्फोटक पारी ने मचाया धमाल

Spread the love

अवधी खबर संवाददाता

अम्बेडकरनगर। आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जय हीरो एजेंसी अम्बेडकरनगर को 118 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। एमवीडी क्रिकेट एकेडमी अकबरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में डॉ. हेमंत सिंह की 36 गेंदों पर 84 रनों की विस्फोटक पारी आकर्षण का केंद्र रही। इस जीत के साथ डॉक्टर्स इलेवन ने लगातार 11वीं जीत दर्ज की।

जय हीरो एजेंसी के कप्तान रवि भद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही और पांचवें ओवर तक महज 32 रन के स्कोर पर टीम के चार प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद डॉ. प्रवेश वर्मा और डॉ. हेमंत सिंह ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

डॉ. हेमंत सिंह ने महज 36 गेंदों में नौ छक्कों और चार चौकों की मदद से 84 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं डॉ. प्रवेश वर्मा ने 23 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत डॉक्टर्स इलेवन ने निर्धारित 16 ओवर में आठ विकेट खोकर 154 रन बनाए। जय हीरो एजेंसी की ओर से सोनू ने तीन और आदर्श यादव ने दो विकेट हासिल किए।

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय हीरो एजेंसी की टीम डॉक्टर्स इलेवन की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। टीम के बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे और पूरी टीम 11.1 ओवर में महज 36 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गुरविंदर ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। डॉक्टर्स इलेवन की ओर से डॉ. आमोद और डॉ. उत्कर्ष ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

टीम के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा ने शानदार रणनीति और खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के दम पर टीम को लगातार 11वीं जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मैच के मुख्य अतिथि यातायात उपनिरीक्षक जय बहादुर यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपनी लेन में वाहन चलाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि नेत्र सर्जन डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों को फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेहतर शारीरिक स्वास्थ्य खेल में जीत-हार का अंतर पैदा करता है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा रात में वाहन चलाते समय नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हेमंत सिंह पालीवाल को दिया गया। बेस्ट गेंदबाज डॉ. आमोद, बेस्ट बल्लेबाज डॉ. प्रवेश वर्मा, बेस्ट क्षेत्ररक्षक रवि भद्र सिंह तथा बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार डॉ. साजन देव केसर को मिला। मैच में अंपायर एवं कमेंटेटर की भूमिका अजय श्रीवास्तव और डॉ. एसएम बाकिर ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी विक्रम सिंह और विकास ने संभाली।

इस अवसर पर डॉ. जेके वर्मा, डॉ. चन्द्रभान, आनंद शर्मा, आलोक, दीपक, पंकज, डॉ. अनीश, डॉ. अभिनीत यादव, डॉ. विमल, विक्रम, विनय, अश्विनी, कुलदीप, रजनीश, अरविंद, समरजीत, आदर्श समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।


Spread the love

Related Posts

भीटी क्षेत्र में बढ़ते अपराध, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

Spread the love

Spread the loveमुकदमा दर्ज न होने से पीड़ितों को एसपी कार्यालय की दौड़, नीलगाय के शिकार मामले में भी कार्रवाई पर सवाल अवधी खबर संवाददाता अम्बेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र में…


Spread the love

सूरापुर बाजार में छुट्टा जानवरों का आतंक, सड़क पर मंडरा रहा हादसे का खतरा

Spread the love

Spread the loveअकबरपुर-टांडा मार्ग पर बीच सड़क डेरा जमाए रहते हैं पशु, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी; ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की अवधी खबर संवाददाता…


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *