अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।जिले के भीटी थाना क्षेत्र में निर्माणधीन स्कूल से सरिया चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को मौके से दबोच लिया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद बाराबंकी के दरियाबाद निवासी चंदन वर्मा पुत्र सत्यनाथ ने भीटी थाने में शिकायती पत्र दिया है।
उनका कहना है कि भीटी क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के समीप उनका स्कूल बन रहा है। आरोप है कि 7 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे स्थानीय निवासी सचिन पुत्र चुन्नीलाल वहां रखे स्कूल के निर्माण कार्य की सरिया उठा ले गया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन को सरिया के साथ पकड़ लिया और थाने ले आई। पुलिस पूछताछ और छानबीन में यह बात भी सामने आई कि इस कृत्य में दुबौली भीटी निवासी राज पुत्र अमर जीत कहार भी शामिल था, जो पुलिस के आने से पहले ही भाग निकला।
पीड़ित ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में यह भी आशंका जताई है कि इससे पहले भी निर्माण स्थल का ताला तोड़कर सरिया, लकड़ी, खंभा बांधने का सरिया और लाउडस्पीकर का तार आदि कीमती सामान चोरी हो चुका है। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



