ग्राम पंचायत गरौली का मामला, बीडीओ ने सचिव को दिए विधिक कार्रवाई के आदेश
अवधी खबर संवाददाता
तारुन, अयोध्या। ग्राम पंचायत गरौली में मनरेगा योजना के तहत मजदूरी भुगतान में अनियमितता का मामला सामने आया है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत सचिव को ग्राम रोजगार सेवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने समेत विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विभागीय पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी आरती पत्नी सालिकराम और उमा पत्नी दुर्गा के नाम से जारी मस्टर रोल की मजदूरी का भुगतान उनके संबंधित खातों में नहीं हुआ। आरोप है कि मजदूरी भुगतान के लिए किसी अन्य व्यक्ति का बैंक खाता फीड कर धनराशि का भुगतान करा दिया गया।
जांच में प्रथमदृष्टया अनियमितता के लिए ग्राम रोजगार सेवक सुरेश कुमार को जिम्मेदार माना गया है। बीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया है कि संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उसकी प्रति कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।
मामला सामने आने के बाद मनरेगा में मस्टर रोल और मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि विभागीय कार्रवाई के बाद प्रकरण में और क्या तथ्य सामने आते हैं।




