सियाराम राजभर ने 72 मतों से दर्ज की शानदार जीत, 190 मतदाताओं के सापेक्ष 157 ने किया मतदान
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। विकास खंड अकबरपुर के ड्वाकरा हाल में सोमवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले ब्लॉक स्तरीय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी रामप्रीति की देखरेख में आयोजित चुनाव में अध्यक्ष पद पर सियाराम राजभर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 72 मतों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए राम अजोर पंकज, सियाराम राजभर और सुनील निषाद ने नामांकन किया था। चुनाव में 190 मतदाताओं के सापेक्ष कुल 157 मत पड़े। मतगणना में सियाराम राजभर को 108 मत, राम अजोर पंकज को 36 मत तथा सुनील निषाद को 12 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार सियाराम राजभर ने 72 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
वहीं अन्य पदों पर माधव प्रसाद को ब्लॉक कोषाध्यक्ष, ध्रुवदेव वर्मा को ब्लॉक संगठन मंत्री तथा रामशकल को ब्लॉक संप्रेक्षक पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। ब्लॉक मंत्री पद पर विवेक कुमार के निर्वाचित होने की भी जानकारी दी गई है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन के जिलाध्यक्ष शिवकुमार मौर्य ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने संगठन की मजबूती और कर्मचारियों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष रामकिशोर मौर्य, जिलाध्यक्ष शिवकुमार मौर्य, कोषाध्यक्ष लालता प्रसाद, चुनाव अधिकारी रामप्रीति, जिला मंत्री रुद्रसेन गौतम सहित संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




