अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर।
सुमेरपुर स्थित सरकारी नलकूप संख्या 9 ए जी पर हो रहे नाली निर्माण में जमकर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार दिखावे के लिए मोरंग तो मंगवा रहा है, लेकिन वास्तविक काम में धड़ल्ले से बालू का प्रयोग किया जा रहा है।

नलकूप के बाउंड्री वॉल और खड़े हो रहे पिलरों में भी दोयम दर्जे की ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि निर्माण कार्य में करीब तीन से चार ट्रॉली बालू खत्म हो चुकी है, लेकिन पहली बार आया हुआ मोरंग अभी तक जस का तस पड़ा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह सारा काम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सरकार की छवि को ठेकेदार बदनाम कर रहे हैं। हैरानी की बात है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी मौन साधे बैठे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निरपेक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।





