अवधी खबर संवाददाता
अंबेडकरनगर। तहसील टांडा में 21 फरवरी 2026 को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी लापरवाही सामने आई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कुल 21 अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी ने अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता वाले इस कार्यक्रम में बिना सूचना अनुपस्थित रहना कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना जाएगा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला गन्ना अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विद्युत, जल निगम, लोक निर्माण, सिंचाई, उद्योग सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल नहीं हुए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से विभागों में हड़कंप की स्थिति है।


