अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग, अम्बेडकरनगर के तत्वावधान में राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित सरदार पटेल सभागार में एक महत्वपूर्ण शैक्षिक विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सुनिश्चित करने हेतु ठोस रणनीति तैयार करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर अनुपम शुक्ल ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम के लिए प्रशासन और शिक्षक वर्ग के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की महत्ता और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अम्बेडकरनगर प्रवीण कुमार तिवारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिले भर से आए विद्वान प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, समयबद्ध पाठ्यक्रम पूर्णता, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को लेकर अपने विचार साझा किए।
वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि शिक्षक ही विद्यार्थियों की सफलता की आधारशिला हैं और उनके सतत मार्गदर्शन से ही जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वय के साथ विभिन्न शैक्षिक एवं प्रशासनिक विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक विमर्श हुआ, जिसमें शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व परिणामोन्मुखी बनाने पर चर्चा की गई।





