अवधी खबर संवाददाता
अयोध्या। जनपद में आज मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी मतदान बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जा रही है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
जिन नागरिकों का नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है, उनका नाम मौके पर ही जोड़ा जा रहा है। इसके लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने की सुविधा दी गई है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को विशेष रूप से मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उनके साथ मंडलायुक्त राजेश कुमार और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे भी निरीक्षण में शामिल रहे। मंडल और जनपद स्तर के अधिकारियों को अभियान की निगरानी और निरीक्षण के लिए तैनात किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहर से आकर किराए पर रहने वाले लोग भी आवश्यक पात्रता पूरी करने पर वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

