सांसद लालजी वर्मा बोले— शिक्षा और समाजसेवा में उनका योगदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।जनपद के जयराम वर्मा बापू स्मारक इंटर कॉलेज नाऊसांडा में 4 फरवरी 2026 को विद्यालय के संस्थापक, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजसेवी स्वर्गीय जयाराम वर्मा की 122वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और धूमधाम के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव, समाजवादी पार्टी एवं सांसद लालजी वर्मा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय कार्यकारिणी अध्यक्ष दयानन्द वर्मा ने की।
मुख्य अतिथि सांसद लालजी वर्मा ने स्वर्गीय जयाराम वर्मा के जीवन और कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्रहित में जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वर्मा ने समाज को जागरूक करने और शिक्षा के प्रसार में जो भूमिका निभाई, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सांसद लालजी वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे स्वर्गीय जयाराम वर्मा के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने तथा क्षेत्र के विकास में अपना पूर्ण योगदान देंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों की शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन राज राघव वर्मा एवं रामानन्द वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।




