अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।
जनपद के शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रतापपुर चमुर्खा स्थित प्राथमिक विद्यालय कसियापुर के कक्षा पांच के छात्र नैतिक मौर्या ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
ग्रामीण परिवेश में पढ़ाई कर रहे नैतिक की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार यादव, सहायक अध्यापक डॉ. महावीर प्रसाद, सहायक अध्यापिका रेखा देवी तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री किरण सिंह समेत सभी शिक्षकों और परिजनों ने छात्र की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय में हर वर्ष छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय में शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण कर उसका स्वागत किया गया और मुंह मीठा कराकर सम्मानित किया गया।




