अवधी ख़बर संवाददाता
अयोध्या। जनपद के सोहावल ब्लॉक में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विजिलेंस टीम ने ग्राम पंचायत सेक्रेटरी राजू उर्फ राजीव श्रीवास्तव को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सुचितागंज बाजार में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के एवज में घूस लेते समय की गई।जानकारी के अनुसार, चिर्रा ग्राम पंचायत के निवासी मुख्तार अहमद ने सेक्रेटरी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस टीम से की थी। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूरे ब्लॉक में हड़कंप मच गया।गौरतलब है कि पिछले छह महीनों के भीतर इसी ग्राम पंचायत में यह दूसरा मामला है, जब कोई सेक्रेटरी रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। हाल ही में एक अन्य सेक्रेटरी जेल से छूटकर आया था, और अब फिर उसी क्षेत्र में भ्रष्टाचार की पुनरावृत्ति ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सोहावल ब्लॉक में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है।
हालांकि, चिर्रा मोहम्मदपुर गांव को जागरूकता के मामले में अग्रणी बताया जा रहा है, जहां लोग अब खुलकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना होगा कि इस तरह की सख्ती आगे भी जारी रहती है या नहीं।





