अवधी ख़बर संवाददाता
अयोध्या/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे क्षत्रिय समाज के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूरा आयोजन राजपूताना संस्कृति और परंपरा के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साफा बांधकर महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद किया।बीकापुर विधानसभा से दावेदारी कर रहे समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ‘अनूप सिंह’ ने अखिलेश यादव को महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर जयंती की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, सम्मान और देशभक्ति का प्रतीक है, जिससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।कार्यक्रम में राघवेंद्र प्रताप सिंह के अनुज एवं अयोध्या प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत डेरामुंसी के प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट दीपक सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।



