अवधी खबर संवाददाता
कटेहरी अंबेडकरनगर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटेहरी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. मोहनीश रावत का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह लखनऊ के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही स्थानीय स्वास्थ्य महकमे सहित पूरे जिले के चिकित्सा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार सुबह जैसे ही डॉ. रावत के असामयिक निधन की सूचना सीएचसी कटेहरी पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। चिकित्सालय के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अंकुश वर्मा के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में एक आकस्मिक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित समस्त स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. रावत को एक कर्मठ और मृदुभाषी चिकित्सक के रूप में याद करते हुए सहकर्मियों ने कहा कि उनका जाना चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। शोक व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से डॉ. दिग्विजय प्रताप सिंह, डॉ. ए.पी. सिंह, डॉ. तबस्सुम खान, डॉ. नलिनी सिंह, डॉ. अबरार, डॉ. संजय निषाद, डॉ. अभिषेक सिंह सहित फार्मासिस्ट उमा शंकर सिंह, हरीश गुप्ता, देशराज सिंह, अजय पटेल व चिकित्सालय के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।




