अवधी खबर संवाददाता
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी रोड पर बुधवार दोपहर पैदल जा रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से गभीर घायल हो गया अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि सिसेंडी रोड पर एक युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया है। सूचना मिलते ही सिसेंडी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि अमित शुक्ला, निवासी मीनापुर, सिसेंडी, सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए घायल अमित शुक्ला को मोहनलालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि, “सिसेंडी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से अमित शुक्ला निवासी मीनापुर, सिसेंडी की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





