अवधी खबर संवाददाता
महरुआ। थाना क्षेत्र के जलालपुर सेहरा गांव में घर पर मौजूद युवक और उसकी मां के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर महरुआ पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जलालपुर सेहरा निवासी अर्जुन यादव पुत्र राजित राम यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 18 अगस्त की शाम करीब छह बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान काशीराम यादव पुत्र श्रीराम यादव, रोहित यादव पुत्र रामजुगुन यादव, अनीता देवी पत्नी राजेंद्र यादव तथा कमलेश पत्नी तुलसीराम यादव वहां पहुंच गए और एक राय होकर गाली-गलौज करने लगे।
अर्जुन के अनुसार गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से उस पर और उसकी मां पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसकी मां को बचाया। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसके घर में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। इसके अलावा घर के सामने घूर का गड्ढा लगाने का प्रयास किए जाने और विरोध करने पर विवाद व मारपीट पर आमादा होने की बात भी तहरीर में कही गई है।
मामले की तहरीर मिलने के बाद महरुआ थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने चारों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट में घायल पीड़ित और उसकी मां को उपचार के लिए सीएचसी भीटी भेजा गया था। चिकित्सकों ने एक्स-रे की आवश्यकता को देखते हुए पीड़ित को जिला अस्पताल अंबेडकर नगर रेफर कर दिया।




