अवधी खबर संवाददाता
आलापुर (अम्बेडकरनगर)। थाना आलापुर क्षेत्र के डगडगवा चौराहे के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। उसके गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को करीब 1:17 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से डगडगवा चौराहे के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी आलापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कि सलीम मौर्य पुत्र जयप्रकाश निवासी बरमसापुर, थाना आलापुर अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग उनके पास पहुंचे और बातचीत करने के लिए उनका मोबाइल फोन मांगकर ले लिया। मोबाइल वापस मांगने पर सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से वहां से भागने लगे।
इसी दौरान डगडगवा चौराहे के पास सामने से मोटरसाइकिल से आ रहे महेंद्र यादव की बाइक से विजय निषाद की मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में महेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर थाना आलापुर में मु0अ0सं0 203/2026, धारा 281, 106(ए), 324(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में साहिल निषाद पुत्र धर्मेंद्र निषाद, जितेंद्र निषाद पुत्र रामनरेश निषाद, कुलदीप निषाद पुत्र राजेश तथा विजय निषाद पुत्र रामवृक्ष, सभी निवासी जनपद संतकबीरनगर, को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी मौके से फरार बताया गया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप निषाद के कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। इस संबंध में अलग से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक और सभी आरोपी जनपद संतकबीरनगर के निवासी हैं। क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




