पानी में पड़े मृत पशुओं के शव, खाली चारा नाद और केयरटेकर की अनुपस्थिति को लेकर उठे सवाल; जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर ग्रामीणों में नाराजगी
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर। विकासखंड कटेहरी की ग्राम पंचायत रानीपुर मोहन स्थित गोशाला की कथित बदहाल व्यवस्था का मामला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में गोशाला की स्थिति को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो में मृत गोवंश के बच्चे का शव, पानी में पड़े मृत पशुओं के शव, खाली चारा नाद और मौके पर केयरटेकर की अनुपस्थिति जैसी स्थितियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद गोशाला में गोवंशों की देखभाल, चारे-पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई और मृत पशुओं के शवों के निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यदि वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थितियां सही हैं तो यह संबंधित जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
सरकार की ओर से निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और उनकी देखभाल के लिए गोशालाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके लिए चारा, पानी, उपचार और रखरखाव की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन की है। ऐसे में रानीपुर मोहन गोशाला का वीडियो सामने आने के बाद व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने की जरूरत महसूस की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठ रहा है कि गोशाला में नियमित निगरानी और देखरेख की जिम्मेदारी निभाई जा रही है या नहीं। मृत गोवंशों के शवों के उचित निस्तारण और बीमार पशुओं के उपचार को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
वायरल वीडियो को लेकर अभी तक संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच और कार्रवाई के संबंध में कोई स्पष्ट सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मांग है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर गोशाला का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। साथ ही गोवंशों की संख्या, चारा-पानी की उपलब्धता, केयरटेकर की उपस्थिति और मृत पशुओं के निस्तारण से संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाए।
यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गोशालाओं का उद्देश्य बेजुबान गोवंशों को सुरक्षित आश्रय और बेहतर देखभाल देना है, न कि उन्हें बदहाल परिस्थितियों में छोड़ देना।





