आबकारी अधिनियम के पुराने मामले में जारी था गिरफ्तारी वारंट, अभियान के तहत पुलिस ने की कार्रवाई
अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर।अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महरुआ पुलिस ने सोमवार को करीब तीन साल पुराने आबकारी अधिनियम के मामले में एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। लंबे समय से जारी गिरफ्तारी वारंट पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने वांछितों के खिलाफ अपनी सक्रियता दिखाई है।
थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी भीटी के पर्यवेक्षण में महरुआ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न्यायालय अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/जेएम तृतीय अम्बेडकरनगर से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार वारंटी की पहचान देवेंद्र मिश्रा उर्फ गुड्डन (49) पुत्र स्वर्गीय राममिलन मिश्रा निवासी दांदूपुर, थाना महरुआ के रूप में हुई है। वह मुकदमा अपराध संख्या 173/2022, धारा 60 आबकारी अधिनियम के मामले में वांछित था। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वीर सिंह गौर, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव और कांस्टेबल हरिमंगल यादव शामिल रहे।





