अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकर नगर।
अयोध्या-अम्बेडकरनगर मार्ग पर हनुमान मंदिर प्यारेपुर के सामने बने जानलेवा सड़क कट की खबर जब मीडिया की सुर्खियों में आई तो प्रशासन की आंखें खुलीं। पहले अधिकारियों ने मामले को केवल कागजों पर निपटाकर फर्जी रिपोर्ट लगाकर अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था, लेकिन जमीनी पड़ताल में सच्चाई सामने आ गई।
स्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड था, न संकेतक और न ही ज़ेब्रा क्रॉसिंग। “एक हैंडल पर दिखा सिर्फ दिखावा” जैसी सच्ची हेडलाइन के बाद प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में कार्यदायी संस्था को मौके पर भेजा गया।
लोकनिर्माण विभाग द्वारा 17 जुलाई 2025 को नई रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया गया कि अब सड़क कट के दोनों ओर ज़ेब्रा क्रॉसिंग, कैट्स आई, हेज़र्ड बोर्ड और संकेतक बोर्ड लगाए जा चुके हैं। रिपोर्ट में सुरक्षा कार्य की तस्वीरें भी संलग्न हैं, जिन पर अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह का डिजिटल हस्ताक्षर दर्ज है।
ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए मीडिया का आभार व्यक्त किया और यह मांग भी उठाई कि फर्जी रिपोर्टिंग करने वाले अफसरों पर कार्यवाही हो ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।





