अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकर नगर।
जनपद में एक बार फिर नशे का जहर तेजी से फैलता जा रहा है। कुछ महीनों की शांति के बाद अब गांजा तस्करी का नेटवर्क फिर से सिर उठा चुका है। पुलिस कप्तान बदलने के बाद जिलेभर में नशे का कारोबार जैसे फिर जान पकड़ चुका है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के लगभग थाना क्षेत्रों में गांजा और अन्य नशे के पदार्थों की बिक्री खुलेआम हो रही है। देर रात मोटरसाइकिलों और चारपहिया वाहनों से खेप पहुंचाई जाती है, जबकि कई स्थानों पर यह कारोबार छोटे-छोटे ठिकानों और दुकानों से संचालित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के सौदागर एक बार फिर बेखौफ होकर सक्रिय हैं। स्कूल और कॉलेज के छात्र भी अब इस दलदल में फंसने लगे हैं, जिससे अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है। युवाओं का भटकाव समाज के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
पूर्व पुलिस कप्तान केशव कुमार के समय में नशे के खिलाफ लगातार चल रहे अभियानों ने इस अवैध धंधे को लगभग खत्म कर दिया था, लेकिन अब उस सख्ती की कमी साफ झलकने लगी है।
सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि नशे के कारोबार पर तुरंत अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाए।
लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह नशे का फैलता जाल युवाओं की पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल देगा और कानून-व्यवस्था के लिए भी बड़ा सिरदर्द बन जाएगा।





