1987 से लगातार हो रहा आयोजन, धार्मिक लीलाओं के साथ अंतिम दो दिन होंगे नाट्य कार्यक्रम
प्रमोद कुमार वर्मा
अम्बेडकरनगर (अवधी खबर)। भीटी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीरामलीला समिति जुआ,धरमगंज की ओर से 23 अक्टूबर से श्रीरामलीला मंचन का शुभारंभ होगा। 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय आयोजन की खास बात यह है कि यहां वर्ष 1987 से लगातार बिना किसी व्यवधान के रामलीला का मंचन होता आ रहा है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुकी है।
समिति की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को कैलाश पर्वत से राम जन्म तक की लीला का मंचन किया जाएगा। 24 अक्टूबर को विश्वामित्र आश्रम से भरत मिलाप तक की लीला प्रस्तुत होगी। 25 अक्टूबर को पंचवटी से लंका दहन तथा 26 अक्टूबर को सुवेल पर्वत से रावण वध तक के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
इसी क्रम में 27 अक्टूबर को लव-कुश की वीरता और सती सीता के पाताल गमन की लीला प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को विशेष नाट्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें इंदल-हरण उर्फ बलख-बुखारे की लड़ाई तथा ‘मुहब्बते चिराग भटकती आत्मा उर्फ डॉक्टर राका सिंह’ का मंचन किया जाएगा।
लगातार 1987 से आयोजित हो रही रामलीला क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखती है। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में धार्मिक प्रसंगों के साथ नाट्य प्रस्तुतियों का भी आनंद मिलेगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं और दर्शकों में उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है।




