छत के रोशनदान काटकर चोरों ने उड़ाए सोने-चांदी के आभूषण, कई पुलिस टीमें जांच में जुटीं
गौर, बस्ती। जनपद बस्ती के गौर बाजार में रविवार–सोमवार की रात ज्वेलरी की दुकान में हुई भीषण चोरी के मामले में मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान मालिक से पूछताछ कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
एसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है और सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
सुजिया गांव निवासी सुभाष सोनी गौर बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह रविवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे।
सोमवार सुबह जब दुकान खोली तो देखा कि छत के रास्ते रोशनदान काटकर चोर दुकान के अंदर घुसे और दुकान में रखा कीमती सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल गौर पुलिस और सीओ हर्रैया स्वर्णिम सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस तरीके से बाजार में स्थित आभूषण की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है, वह सुनियोजित प्रतीत होती है। फिलहाल पुलिस टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष गौर संतोष कुमार ने बताया कि दुकान मालिक की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें जांच में लगी हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।





