अवधी खबर संवाददाता
टांडा,अम्बेडकरनगर ।
अलीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम मोजनपुर मोड़ के पास करीब 2:30 बजे हुआ। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने मोटरसाइकिल सवार शैलेश कुमार (पुत्र केशव राम), निवासी आसौपुर डड़वा, थाना अलीगंज को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शैलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें लदी मिट्टी सड़क पर फैल गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर-ट्राली में लदी मिट्टी का परिवहन वैध था या अवैध। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



