अवधी खबर संवाददाता
बस्ती। गौर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने और विवाह के बाद घर से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता न्याय के लिए कई महीनों से थाने का चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। इससे पूर्व वह क्षेत्राधिकारी हर्रैया को भी शिकायत दे चुकी है।
शिकायत पत्र के अनुसार, गांव निवासी एक युवक पर आरोप है कि उसने शौच के लिए गई युवती को जबरन जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। आरोप है कि इसी दबाव में वह कई वर्षों तक पीड़िता का शोषण करता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे गर्भनिरोधक दवाएं खिलाईं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों को जानकारी होने पर मामला थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस दबाव में आरोपी ने मंदिर में पीड़िता से विवाह कर लिया।
इसके बाद भी आरोपी उसे साथ रखने को तैयार नहीं हुआ। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज हुआ है और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है। ऐसे में वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




