अवधी खबर संवाददाता
अम्बेडकरनगर(प्रमोद वर्मा)। रामायण काल से जुड़े आस्था के प्रमुख केंद्र श्रवण क्षेत्र धाम में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है। धाम के मुख्य स्थल श्रवण समाधि के पास लगा सरकारी हैंडपंप खराब हो जाने तथा क्षेत्र पंचायत निधि से स्थापित वाटर कूलर बंद पड़े होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार श्रवण समाधि स्थल के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाया गया सरकारी नल पिछले कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में क्षेत्र पंचायत निधि से श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर कूलर ने भी काम करना बंद कर दिया है।
श्रवण धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और साधु-संत दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सुबह-शाम होने वाली आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को मुख्य स्थल पर पानी की सुविधा न मिलने के कारण परिसर से दूर जाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। गर्मी अपने चरम पर होने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धाम जैसा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल होने के बावजूद जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं। श्रद्धालुओं को शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए संसाधन शोपीस बनकर रह गए हैं।
ग्रामीणों और दर्शनार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े हैंडपंप और वाटर कूलर की तत्काल मरम्मत कराकर धाम में पेयजल व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
वही जब इस संबंध में खंड विकास अधिकारी कटेहरी से वार्ता करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं रिसीव हो सका।




